2 मिनट समय निकालकर #Thread अंत तक अवश्य पढ़े।🧵👇
बात थोड़ी कड़वी है, लेकिन हमें इस पर बहुत ही गंभीरता और ईमानदारी से सोचने की जरूरत है। हम अक्सर सवाल करते हैं कि हिंदू समाज एकजुट क्यों नहीं है, मंदिरों और धार्मिक आयोजनों में आम हिंदू की भागीदारी कम क्यों हो रही है, और हमारी युवा पीढ़ी धर्म से दूर क्यों होती जा रही है..? लेकिन इन सवालों का जवाब बाहर खोजने से पहले हमें अपने आसपास की व्यवस्था, अपने आचरण और अपनी सोच पर नजर डालनी होगी। जब तक हम समस्या की असली जड़ को नहीं समझेंगे, तब तक केवल भीड़ जुटाने, बड़ी-बड़ी रैलियां निकालने, सोशल मीडिया पर फोटो डालने या हिंदू एकता के नारे लगाने से समाज वास्तविक रूप से एकजुट नहीं हो सकता।
*◾ धर्म का असली अर्थ क्या है ?*
सबसे पहले हमें धर्म के वास्तविक अर्थ को समझना होगा। धर्म केवल मंदिर जाकर माथा टेकने, नारियल चढ़ाने, प्रसाद लेने, त्योहार मनाने, लाउडस्पीकर बजाने या सोशल मीडिया पर धार्मिक संदेश साझा करने का नाम नहीं है। धर्म जीवन जीने की ऐसी व्यवस्था है जिसमें सत्य, सेवा, संस्कार, अनुशासन, करुणा, समानता, कर्तव्य और इंसानियत शामिल है। जब इन मूल भावनाओं की जगह केवल दिखावा, स्वार्थ, भेदभाव और अपनी सुविधा का धार्मिक व्यवहार लेने लगता है, तब धर्म का बाहरी स्वरूप तो बचा रहता है, लेकिन उसकी आत्मा कमजोर होने लगती है।
*◾ VIP दर्शन का धंधा*
इसी संदर्भ में आज मंदिरों में बढ़ती VIP दर्शन की व्यवस्था पर गंभीर चर्चा जरूरी है। बुजुर्गों, दिव्यांगों या बीमारों के लिए अलग सुविधा होना समझ में आता है, लेकिन केवल पैसा, पद या पहचान के दम पर किसी को विशेष सुविधा देना कहां का न्याय है..? एक आम और गरीब हिंदू घंटों धूप, गर्मी और भीड़ में धक्के खाकर अपनी बारी का इंतजार करता है, जबकि पैसे और पहुंच वाला व्यक्ति 2 मिनट में दर्शन करके निकल जाता है। जब भगवान के दरबार में भी इंसान की औकात उसकी जेब और पहचान से तय होगी, तो सामान्य व्यक्ति के मन में यह भाव आना स्वाभाविक है कि जहां मेरे साथ भेद-भाव हो रहा है, वहां मेरे लिए क्या स्थान है..? भगवान के सामने तो राजा और रंक दोनों समान होने चाहिए।
VIP कल्चर के अलावा एक और बड़ा कारण है जिस पर आज का हिंदू समाज पूरी तरह मौन है। भारत में आज लाखों हिंदू संगठन संचालित हैं, बड़े-बड़े जुलूस और रैलियां निकाली जाती हैं, लेकिन इसके बावजूद हम अपने मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त नहीं करा पा रहे हैं। ज्यादातर संगठन केवल अपना बैनर बड़ा करने, सोशल मीडिया पर फोटो डालने या रैलियां निकालने तक सीमित हैं। जिस असली मुद्दे (मंदिर मुक्ति) के लिए कानूनी और मैदानी लड़ाई लड़नी चाहिए, उस पर ये संगठन समाज को एकजुट करके कोई बड़ा आंदोलन नहीं खड़ा करते। जब तक कोई चुनाव या बड़ा आयोजन न हो, ये संगठन आम हिंदू के सुख-दुःख में खड़े नहीं होते। संगठनों में आपस में ही खींचतान चलती रहती है, जिसका फायदा उठाकर सरकारें बेफिक्र होकर हमारे मंदिरों को नियंत्रित करती रहती हैं।
*⏩ Break . .*
*अगर आप ने अभी तक हमारे WhatsApp Channel को फॉलो नहीं किया है तो नीचे लिंक पर क्लिक कर जल्द से जल्द Follow कर लें। 👇*
*🪀 व्हाट्सएप चैनल :*
https://whatsapp.com/channel/0029Va9dBNq6WaKetQIhG52z
*®️ Read Continuously . .*
यह एक कटु सत्य है कि देश के अधिकांश लोगों को आज भी यह जानकारी नहीं है कि हिंदू मंदिरों का प्रबंधन किन कानूनी प्रावधानों के अंतर्गत सरकार द्वारा किया जा रहा है। यह विषय आस्था का ही नहीं, बल्कि हमारे संवैधानिक अधिकारों का भी है।
भारतीय संविधान का आर्टिकल 26 धार्मिक संप्रदायों को अपने धार्मिक स्थलों के प्रबंधन और संचालन की पूरी आजादी देता है। इसी अधिकार के तहत देश में चर्च, मस्जिद, मदरसे और गुरुद्वारे पूरी तरह स्वतंत्र हैं और अपने-अपने धार्मिक परिसरों को स्वयं संचालित करते हैं। वहां सरकार का कोई हस्तक्षेप नहीं होता, जिससे उनकी व्यवस्थाएं, शिक्षा और सेवा कार्य स्वतंत्र रूप से चलते हैं।
लेकिन केवल हिंदू मंदिरों के लिए आर्टिकल 25(2)(b) और संविधान की समवर्ती सूची की प्रविष्टि 28 (Entry 28) का सहारा लिया गया, जो सरकार को "वित्तीय और सामाजिक सुधार" के नाम पर नियम बनाने की ताकत देता है। इसी का फायदा उठाकर राज्यों में 'धार्मिक बंदोबस्ती अधिनियम' बनाए गए और देश के लगभग सभी प्रमुख एवं ऐतिहासिक हिंदू मंदिरों पर सरकारी बोर्ड बिठाकर उनके दान, जमीन और खजाने का नियंत्रण प्रशासनिक हाथों में ले लिया गया।
मंदिरों का करोड़ों रुपया सरकारी खजाने में चला जाता है, लेकिन वही पैसा वापस हिंदू समाज के कल्याण, वेद पाठशालों, बुनियादी सुविधाओं या गुरुद्वारों की तरह निष्काम लंगर चलाने में इस्तेमाल नहीं हो पाता। इस दोहरे कानून और प्रशासनिक गुलामी पर आज का आम हिंदू आखिर क्यों मौन है..?
हमें यह भी समझना होगा कि इंसान वहीं जाना पसंद करता है जहां उसे सम्मान, सुविधा, सुरक्षा और अपनापन मिले। गुरुद्वारों की व्यवस्था का उदाहरण इसी कारण सामने आता है। वहां सफाई, पीने का पानी, जूते रखने की सुदृढ़ व्यवस्था, बैठने की जगह, सेवा और 24 घंटे चलने वाला लंगर आने वाले व्यक्ति को समानता का अहसास कराता है। लंगर केवल भोजन नहीं है, बल्कि बराबरी और सेवा का संदेश है। यही कारण है कि हिमाचल का पोंटा साहिब गुरुद्वारा हो या अमृतसर का स्वर्ण मंदिर, वहां साल के 12 महीने श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है। इसका मतलब यह नहीं कि हमें किसी की नकल करनी है, बल्कि हमें अपने मंदिरों को बेहतर बनाना है। हमारे मोहल्लों और गांवों के मंदिरों में न बैठने की सही जगह होती है, न पीने के पानी या शौचालय की व्यवस्था होती है और न ही सफाई पर ध्यान दिया जाता है। कई जगह मंदिर किसी एक-दो परिवारों या सीमित समूहों के कब्जे में सिमट जाते हैं, जिससे आम इंसान को वहां अपनापन महसूस नहीं होता।
हमारे धार्मिक जीवन में एक और बड़ा विरोधाभास दिखता है। सामान्य दिनों में मंदिरों में आरती के समय पांच लोग भी नहीं जुट पाते, लेकिन जैसे ही भंडारा या कोई आयोजन होता है, अनियंत्रित भीड़ टूट पड़ती है। मंगलवार को हलवा-पूड़ी या खीर बंट रही हो तो लंबी लाइन लग जाती है, लेकिन रोज की आरती में कोई नहीं दिखता। अमृतसर में स्वर्ण मंदिर के पास ही ऐतिहासिक दुर्गियाना मंदिर भी है। वास्तुकला समान होने के बावजूद दोनों की भीड़ में जमीन-आसमान का अंतर है, क्योंकि जहां नियमित सेवा, लंगर और सामुदायिक जुड़ाव मिलता है, लोग वहीं जाते हैं। हमने धर्म को रोज के आचरण से हटाकर सिर्फ "फायदे" और "उत्सव" से जोड़ लिया है।
यदि किसी मंदिर में पूजा के साथ ज्ञान की चर्चा हो, जरूरतमंदों की सहायता हो, बच्चों को संस्कार मिलें, बुजुर्गों को सम्मान मिले और समाज के लोगों के सुख-दुःख में साथ खड़े होने की व्यवस्था बने, तो वह मंदिर केवल दर्शन की जगह नहीं रहेगा, बल्कि समुदाय के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन जाएगा। यहीं से हमारे धार्मिक और सामाजिक संगठनों की भूमिका भी सामने आती है। देश में छोटे-बड़े असंख्य संगठन धर्म और समाज के नाम पर काम कर रहे हैं, फिर भी आम हिंदू बंटा हुआ है। इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि कई बार संगठन का उद्देश्य समाज से बड़ा हो जाता है। अपने बैनर, अपने नेता, अपनी पहचान और अपना प्रभाव बढ़ाने की होड़ में संगठन एक-दूसरे की टांग खींचने लगते हैं। यदि दो संगठन एक ही समाज के लिए काम कर रहे हैं, तो उन्हें आपसी प्रतिस्पर्धा छोड़कर एक-दूसरे की ताकत बनना चाहिए। किसी के पास संसाधन हैं, किसी के पास कार्यकर्ता, किसी के पास युवाओं की टीम— इन सबको जोड़ दिया जाए तो परिणाम बहुत बड़ा हो सकता है।
आज WhatsApp, Facebook और X पर हर दिन हजारों धार्मिक संदेश शेयर होते हैं। लेकिन केवल मैसेज आगे भेज देने से जमीन पर बदलाव नहीं आता। मोहल्ले के मंदिर की सफाई कौन करेगा..? किसी गरीब बच्चे की पढ़ाई की फीस कौन भरेगा..? किसी पीड़ित परिवार या अकेले बुजुर्ग का सहारा कौन बनेगा..? युवाओं को गलत संगत से निकालकर सही दिशा कौन देगा..? इन सब सवालों के जवाब जमीन पर काम करके देने होंगे। समाज केवल खोखले विचारों से नहीं, बल्कि धरातल पर की गई सेवा से मजबूत होता है।
इसके साथ हमें अपने धार्मिक ज्ञान की कमी पर भी ध्यान देना होगा। हमारी परंपरा ज्ञान और प्रश्न करने की परंपरा रही है। गीता, उपनिषद और हमारे ग्रंथ जीवन, कर्म और कर्तव्य का गहरा ज्ञान देते हैं। लेकिन जब से हमारा संपर्क मूल ग्रंथों से टूटा है, धर्म सिर्फ बाहरी कर्मकांडों और आयोजनों तक सीमित रह गया है। प्राचीन गुण-कर्म आधारित व्यवस्था जब जन्म आधारित जातिप्रथा में बदली, तो समाज का एक बड़ा वर्ग मंदिरों से दूर होता चला गया। ज्ञान के अभाव में अंधविश्वास, बाजारीकरण और दिखावा बढ़ गया। जिस दिन मंदिर में पूजा के साथ नियमित धार्मिक अध्ययन और चर्चाएं होंगी, उस दिन समाज अंधानुकरण से बाहर निकलेगा और अपनी कुरीतियों पर सवाल उठाने की क्षमता रखेगा।
समाज की एकता के रास्ते में जाति और ऊंच-नीच का भेदभाव भी गंभीर समस्या है। हम मंचों से हिंदू एकता की बात करें और व्यावहारिक जीवन में अपनी ही जाति के किसी व्यक्ति को नीचा समझें, तो यह हमारा दोहरापन है। अगर मंदिर में भगवान के सामने सभी समान हैं, तो समाज के व्यवहार में भी यह समानता दिखनी चाहिए। सम्मान किसी की जाति, धन या पद देखकर नहीं बदलना चाहिए। जब हर व्यक्ति को मंदिर में बराबरी का सम्मान मिलेगा, तब समाज का जुड़ाव अपने आप मजबूत होगा। युवाओं को जोड़ना भी इसी प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आज का युवा अपने करियर, रोजगार, मानसिक तनाव और बदलती जीवनशैली से जूझ रहा है। अगर मंदिर में उसे केवल माथा टेककर बाहर आने का माहौल मिलेगा, तो वह लंबे समय तक नहीं जुड़ेगा। मंदिरों में पुस्तकालय होने चाहिए, पढ़ाई और करियर मार्गदर्शन के केंद्र बनने चाहिए, योग और खेलकूद की गतिविधियां होनी चाहिए। जब युवा को महसूस होगा कि मंदिर उसके जीवन और भविष्य की चिंताओं में भी उसका मार्गदर्शन कर रहा है, तो वह स्वतः धर्म से जुड़ेगा।
जब तक हमारे मंदिर सिर्फ "पूजा करने की जगह", "सरकारी कमाई का जरिया" या "VIP कल्चर का अड्डा" बने रहेंगे और संकट में लोगों का सहारा नहीं बनेंगे, तब तक लोग सिर्फ भंडारे वाले दिन ही नजर आएंगे। अगर हिंदू समाज को वास्तव में एकजुट करना है, तो हमें दूसरों पर उंगली उठाने से पहले खुद से कुछ सवाल पूछने होंगे। हमें मंदिरों को दोहरे कानूनों और सरकारी कब्जे (आर्टिकल 25/26 के दुरुपयोग) से मुक्त कराने के लिए एकजुट होना होगा। VIP कल्चर का भेदभाव खत्म करके हर श्रद्धालु को समान दर्जा देना होगा। संगठनों को अपने बैनर का अहंकार छोड़कर जमीन पर उतरकर सेवा और सफाई का काम करना होगा। मंदिरों को केवल पूजा स्थल न रखकर गुरुद्वारों की तरह स्वच्छता, लंगर, मुफ्त शिक्षा, स्वास्थ्य, पुस्तकालय और युवाओं के मार्गदर्शन का केंद्र बनाना होगा।
क्योंकि धर्म केवल भगवान के सामने सिर झुकाने का नाम नहीं है; धर्म हमारे व्यवहार, हमारी सेवा, हमारी समानता और संकट में जरूरतमंद के साथ खड़े होने में दिखाई देना चाहिए। इसलिए अगली बार जब कोई आपसे पूछें कि "हिंदू मंदिर क्यों नहीं आता..?" तो साथ में यह भी पूछें— "क्या हमने मंदिर को उसके जीवन से जोड़ा है..?"
"धर्म खतरे में है" कहने से पहले एक बार अपने भीतर झाँक लेना चाहिए कि सत्य, सेवा, समानता, संस्कार और इंसानियत... धर्म के ये मूल मूल्य हमारे अपने जीवन में कितने प्रतिशत जीवित बचे हैं? समाज बदलने की शुरुआत किसी और से नहीं, हमसे होगी। जब बदलाव हमारे व्यवहार और मंदिरों की व्यवस्था में आएगा, तभी मंदिरों में केवल भीड़ नहीं, बल्कि सच्ची भक्ति, जुड़ाव और समाज में वास्तविक एकता दिखाई देगी।
*📜 निष्कर्ष :—* हिंदू समाज को एकजुट करने के लिए हमें नारों, बैनरबाजी और सोशल मीडिया की दुनिया से बाहर निकलकर जमीन पर काम करना होगा। जब तक मंदिरों से VIP कल्चर, सरकारी कब्जा, गंदगी और जातिगत भेदभाव खत्म नहीं होगा और जब तक हमारे मंदिर केवल पूजा स्थल न रहकर गुरुद्वारों की तरह दैनिक लंगर, स्वच्छता, शिक्षा, युवाओं के मार्गदर्शन और हर व्यक्ति को बराबरी का मान-सम्मान देने के सामाजिक केंद्र नहीं बनेंगे, तब तक समाज का स्थाई जुड़ाव संभव नहीं है। समाज में बदलाव और एकता की शुरुआत दूसरों को दोष देने से नहीं, बल्कि अपने मंदिरों की व्यवस्था और अपने आचरण को सुधारने से ही होगी।
नोट :— यदि आप इस विश्लेषण से सहमत हैं, तो समाज में जनजागृति हेतु इस संदेश को अवश्य शेयर करें।
✍️ साभार
🔏 लेखक : पंकज सनातनी
|| Share || Share || Share ||

