2 मिनट समय निकालकर #Thread अंत तक अवश्य पढ़े।🧵👇
🔏 लेखक : पंकज सनातनी
लखनऊ अग्निकांड को आज 4 दिन हो चुके हैं। समाचारों की सुर्खियां बदल चुकी हैं, लेकिन यह हादसा आज भी कई गंभीर सवाल हमारे सामने खड़े करता है। आखिर ऐसी घटनाएं बार-बार क्यों होती हैं और क्या हम इनसे वास्तव में कोई सीख लेते हैं…?
22 जून 2026 को लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। एक बहुमंजिला इमारत, जहां कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी और एनीमेशन प्रशिक्षण संस्थान संचालित हो रहे थे, अचानक भीषण आग की चपेट में आ गई। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण बताया गया। कुछ ही समय में आग और उससे निकला जहरीला धुआं पूरे भवन में फैल गया। भवन में पर्याप्त वेंटिलेशन, वैकल्पिक इमरजेंसी एग्जिट और अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं की कमी होने के कारण कई छात्र और प्रशिक्षु अंदर ही फंस गए।
हादसे के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दिए, कुछ अधिकारियों को निलंबित किया गया, संबंधित लोगों की गिरफ्तारी हुई और मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। वहीं दूसरी ओर कुछ स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने राहत एवं बचाव कार्य तथा आपातकालीन सेवाओं के रिस्पॉन्स टाइम को लेकर दो तरह के दावे सामने आए।
प्रशासन और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि करीब 1 घंटे तक कोई फायर ब्रिगेड की गाड़ी नहीं पहुंची और पुलिस भी लगभग आधे घंटे बाद मौके पर आई। जब तक बचाव कार्य शुरू हुआ, तब तक 15 छात्रों और प्रशिक्षुओं की जान जा चुकी थी। इस विरोधाभास ने सुरक्षा मानकों, फायर सेफ्टी नियमों, विभागीय जवाबदेही और आपातकालीन सेवाओं के रिस्पॉन्स टाइम को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। फिलहाल दोनों दावों की जांच जारी है। सत्य जांच के बाद ही सामने आएगा।
घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हाल जाना और इलाज में कोताही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और गंभीर घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का ऐलान किया। इसके बाद 5, कालिदास मार्ग पर आपातकालीन उच्च स्तरीय बैठक बुलाई गई। बैठक के तुरंत बाद लापरवाही बरतने वाले चार अधिकारियों को सस्पेंड किया गया।
फिलहाल जांच पूरी होने के बाद ही अन्य सभी पहलुओं की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी, लेकिन इतना निश्चित है कि इस घटना ने हमारी व्यवस्था और सामाजिक चेतना दोनों को कठघरे में खड़ा कर दिया है।
लेकिन किसी भी ऐसी दुर्घटना का सबसे बड़ा प्रश्न यह नहीं होता कि दोषी कौन है, बल्कि यह होता है कि ऐसी घटनाएं बार-बार क्यों होती हैं…?
*⏩ Break . .*
*अगर आप ने अभी तक हमारे WhatsApp Channel को फॉलो नहीं किया है तो नीचे लिंक पर क्लिक कर जल्द से जल्द Follow कर लें। 👇*
*🪀 व्हाट्सएप चैनल :*
https://whatsapp.com/channel/0029Va9dBNq6WaKetQIhG52z
*®️ Read Continuously . .*
सच्चाई यह है कि हमारे देश में अधिकांश बड़े हादसे अचानक नहीं होते। वे वर्षों की लापरवाही, नियमों की अनदेखी, भ्रष्ट कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों से बचने की मानसिकता का परिणाम होते हैं। जब किसी भवन में सुरक्षा मानकों की उपेक्षा की जाती है, जब आपातकालीन निकास मार्गों को महत्व नहीं दिया जाता, जब निरीक्षण केवल कागजों तक सीमित रह जाते हैं और जब जवाबदेही का अभाव होता है, तब दुर्घटना केवल समय का इंतजार कर रही होती है।
यह भी एक कटु सत्य है कि आज अधिकांश माता-पिता अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करते हैं। उन्हें अच्छे स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में भेजते हैं, लेकिन उन्हें सेल्फ डिफेंस, आत्मरक्षा बिल्कुल नहीं सिखाते जिससे कि वह विपत्तियों के समय अपना बचाव कर सकें। हम बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करते हैं, लेकिन उन्हें यह नहीं सिखाते कि आग लगने पर क्या करना चाहिए, धुएं से कैसे बचना चाहिए, भगदड़ की स्थिति में स्वयं को कैसे सुरक्षित रखना चाहिए या किसी आपदा के समय घबराने के बजाय सही निर्णय कैसे लेना चाहिए।
आज की शिक्षा व्यवस्था में डिग्री और नौकरी को सफलता का पैमाना मान लिया गया है, जबकि वास्तविक जीवन में कई बार संकट से सुरक्षित निकलना सबसे बड़ी सफलता होती है। यदि बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही फायर ड्रिल, प्राथमिक चिकित्सा, आपदा प्रबंधन और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाए, तो वे किसी भी आकस्मिक परिस्थिति का सामना अधिक समझदारी और आत्मविश्वास के साथ कर सकते हैं।
सिस्टम की खामियों पर भी गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। कागजों पर नियम मौजूद हैं, विभाग मौजूद हैं, निरीक्षण की व्यवस्था भी मौजूद है, लेकिन जब वास्तविक संकट सामने आता है तो अक्सर व्यवस्थाओं की कमजोरियां उजागर हो जाती हैं। जनता का विश्वास तभी मजबूत होगा जब सुरक्षा नियम केवल दस्तावेजों में नहीं बल्कि जमीन पर भी दिखाई देंगे।
हालांकि केवल प्रशासन को दोष देकर भी हम अपनी जिम्मेदारी से मुक्त नहीं हो सकते। एक नागरिक के रूप में हमारी भी महत्वपूर्ण भूमिका है। आज भी सड़कों पर सायरन बजाती एम्बुलेंस या फायर ब्रिगेड को जल्दी रास्ता नहीं देते। ट्रैफिक में फंसी एक-एक मिनट की देरी किसी की ज़िंदगी और मौत का फासला बन जाती है। जब इमारतें बिना नक्शे पास कराए खड़ी हो जाती हैं, फायर NOC की फाइलें बिना जांच के आगे बढ़ जाती हैं, आपातकालीन गाड़ियां जाम में अटक जाती हैं और लोग तमाशबीन बनकर वीडियो बनाने लगते हैं, तो आम आदमी के पास अपनी जान बचाने का एक ही हथियार बचता है— उसकी अपनी जागरूकता और तैयारी।
हमें समझना होगा कि एम्बुलेंस या फायर ब्रिगेड को रास्ता देना कोई एहसान नहीं, बल्कि हमारा नागरिक कर्तव्य है। जिस एम्बुलेंस को आज हम रास्ता नहीं दे रहे, कल उसी में हमारा कोई अपना भी हो सकता है। जिस दमकल वाहन को हम ट्रैफिक में रोक रहे हैं, वह शायद किसी परिवार की पूरी दुनिया बचाने जा रहा हो।
अगर हम विदेशी सिस्टम से तुलना करें तो जापान, अमेरिका या यूरोप के देशों में बच्चों को स्कूल से ही फायर ड्रिल, भूकंप से बचाव और फर्स्ट एड की ट्रेनिंग दी जाती है। वहां हर बिल्डिंग्स में फायर अलार्म, स्प्रिंकलर, स्मोक डिटेक्टर और दो इमरजेंसी एग्जिट अनिवार्य हैं। फायर NOC सिर्फ कागज़ पर नहीं मिलती, हर 6 महीने में मॉक ड्रिल भी होती है और नियम तोड़ने पर बिल्डिंग सील कर दी जाती है। सबसे बड़ी बात, वहां सड़क पर एम्बुलेंस या फायर ब्रिगेड का सायरन बजते ही पूरी ट्रैफिक एक तरफ हो जाती है। जर्मनी में तो इसके लिए 'Rettungsgasse' यानी इमरजेंसी लेन का कानून है, न मानने पर भारी जुर्माना लगता है। इसीलिए वहां रिस्पॉन्स टाइम 5 से 8 मिनट होता है, जबकि हमारे यहां दावों और ज़मीनी हकीकत में घंटों का फर्क दिख जाता है
भारत को भी केवल आर्थिक विकास नहीं, बल्कि सुरक्षा और जिम्मेदारी की संस्कृति विकसित करनी होगी। कोई भी राष्ट्र तभी महान बनता है जब उसके नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करें। विकास केवल ऊंची इमारतों, चौड़ी सड़कों और बड़ी घोषणाओं से नहीं मापा जाता, बल्कि इस बात से मापा जाता है कि संकट की घड़ी में एक सामान्य नागरिक कितना सुरक्षित है।
*⏳ इस घटना से हमें तीन बड़े सबक लेने चाहिए।*
1. बच्चों को केवल किताबी ज्ञान नहीं बल्कि जीवन रक्षा और आत्मरक्षा के कौशल भी सिखाए जाएं।
2. सुरक्षा नियमों का पालन किसी औपचारिकता की तरह नहीं बल्कि जीवन की आवश्यकता समझकर किया जाए।
3. नागरिकों को आपातकालीन सेवाओं के प्रति अधिक संवेदनशील और सहयोगी बनना होगा।
यदि हम इन बातों को नहीं समझेंगे तो हर बड़ी दुर्घटना के बाद कुछ दिनों तक शोक व्यक्त करेंगे, जांच बैठाई जाएगी, कुछ लोगों पर कार्रवाई होगी और फिर सब कुछ पहले जैसा हो जाएगा। लेकिन यदि हमने इन घटनाओं से सीख ली, तो भविष्य में अनेक जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।
विश्व गुरु बनने का सपना केवल नारों से पूरा नहीं होगा। विश्व गुरु वही बन सकता है जो अपने नागरिकों के जीवन की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे। जो अपने बच्चों को सुरक्षित रख सके, जो नियमों को प्रभावी ढंग से लागू कर सके और जो संकट के समय अनुशासन, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचय दे सके।
सिस्टम को सुधारने में समय लग सकता है, लेकिन स्वयं को सुधारने की शुरुआत हम आज और अभी से कर सकते हैं। क्योंकि जब तक नागरिक जागरूक नहीं होंगे, जब तक सुरक्षा को प्राथमिकता नहीं मिलेगी और जब तक जिम्मेदारी की भावना विकसित नहीं होगी, तब तक ऐसे हादसे बार-बार हमें झकझोरते रहेंगे। यही इस दुःखद घटना से मिलने वाली सबसे बड़ी सीख है।
*👁️🗨️ नोट :* यह लेख उपलब्ध प्रारंभिक सूचनाओं, मीडिया रिपोर्ट्स और सार्वजनिक रूप से सामने आए तथ्यों के आधार पर लिखा गया है। जांच पूरी होने के बाद कुछ तथ्य बदल भी सकते हैं।
✍️ साभार
*|| Share || Share || Share ||*

