बच्चे का मुंडन संस्कार कराना क्यों जरूरी होता है?
हिंदू धर्म के 16 संस्कारों में से एक है मुंडन संस्कार। शिशु जब जन्म लेता है, तब उसके सिर पर गर्भ के समय से ही कुछ बाल होते हैं, जिन्हें अशुद्ध माना जाता है और बच्चे का मुंडन संस्कार होता है। लेकिन इसके पीछे सिर्फ धार्मिक मान्यता नहीं बल्कि कुछ वैज्ञानिक कारण भी हैं। हालांकि बहुत से लोग सिर्फ इसलिए मुंडन करवाते हैं क्योंकि वो बचपन से अपने घरों में ऐसा देखते आए हैं। इसलिए लोग महज इसे एक आध्यात्मिक परंपरा समझकर मुंडन संस्कार कराते हैं।
भारतीय परंपरा के अनुसार छोटे बच्चों का मुंडन संस्कार किया जाता है इसके अलावा जब किसी की मौत हो जाती है तो भी लोग मुंडन कराते हैं। आखिर हिंदू धर्म में मुंडन संस्कार को इतना ज्यादा महत्व क्यों दिया जाता है। चलिए हम आपको बताते हैं,,
🔸१ धार्मिक और पौराणिक मान्यताओं के मुताबिक शिशु के मस्तिष्क को पुष्ट करने, बुद्धि में वृद्धि करने तथा गर्भावस्था की अशुद्धियों को दूर कर मानवतावादी आदर्शों को प्रतिस्थापित करने हेतु मुंडन संस्कार किया जाता है। यजुर्वेद के अनुसार मुंडन संस्कार बल, आयु, आरोग्य तथा तेज की वृद्धि के लिए किया जाने वाला अति महत्वपूर्ण संस्कार है।
🔸२ माना जाता है कि यह बच्चे की पिछली ज़िन्दगी की बुराइयों से दूर कर देता है। जीवन की आयु बढ़ती है और किस्मत अच्छी होती है, साथ ही यह बच्चे को नज़र लगने से बचाता है। लेकिन इसके पीछे सबसे बड़ी वजह ये है कि जब बच्चा मां के पेट में होता तो सिर के बालों में बहुत से हानिकारक बैक्टीरिया लगे होते हैं जो साधारण तरीके से धोने से भी नहीं निकल पाते हैं, इसलिए एक बार बच्चे का मुंडन जरूरी होता है।
🔸३ मुंडन कराने से बच्चों के शरीर का तापमान सामान्य हो जाता है जिससे दिमाग व सिर ठंडा रहता है। साथ ही अनेक शारीरिक तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं जैसे फोड़े, फुंसी, दस्त से बच्चों की रक्षा होती है और दांत निकलते समय होने वाला सिरदर्द व तालू का कांपना भी बंद हो जाता है। शरीर पर और विशेषकर सिर पर विटामिन –डी (धूप के रूप में) पड़ने से कोशिकाएँ जागृत होकर खून का प्रसारण अच्छी तरह कर पाती हैं जिनसे भविष्य में आने वाले बाल बेहतर होते हैं।
🔸४ जन्म के बाद पहले वर्ष के अंत या फिर तीसरे, पांचवें या सातवें वर्ष की समाप्ति से पहले शिशु का मुंडन संस्कार करना आमतौर पर प्रचलित है। बच्चे के जन्म के 1 साल के भीतर एक बार मुंडन जरूर कराना अच्छा होता है। हालांकि बच्चे की उम्र पांच साल होने पर भी उसके बाल उतारे जाते हैं और यज्ञ किया जाता है, कहा जाता है कि इससे बच्चों का सिर मजबूत होता है और दिमाग भी तेज होता है।
🔸५ हिंदू धर्म में मुंडन संस्कार की एक खास पद्धति है, जिसमें मुंडन के बाद चोटी रखना अनिवार्य है। आपको बता दें कि हिंदू धर्म में मुंडन संस्कार के बाद सिर पर चोटी छोड़ने का अपना एक वैज्ञानिक महत्व बताया जाता है, सिर में सहस्रार के स्थान यानि सिर के सभी बालों को काटकर सिर के बीचों- बीच चोटी रखी जाती है। कहा जाता है कि यह मस्तिष्क का केंद्र है और विज्ञान के अनुसार यह शरीर के अंगो, बुद्धि और मन को नियंत्रित करने का स्थान भी है। सिर पर जिस स्थान पर चोटी रख जाती है वहाँ से मस्तिष्क का संतुलन ठीक तरह से बना रहता है।
गौरतलब है कि हिंदू धर्म में मुंडन संस्कार से जुड़ी इन मान्यताओं के चलते ही मुंडन को इतना ज्यादा महत्व दिया जाता है। तभी तो छोटे बच्चों से लेकर बड़े- बुजुर्ग भी खास मौकों पर अपना मुंडन कराते हैं।