उत्तर प्रदेश में बरेली डिपो की बस को ड्राइवर (कृष्णपाल सिंह) और कंडक्टर (मोहित यादव) ने रोककर नमाज पढ़वाई जिसका यात्रियों ने विरोध किया और जागरूक नागरिक ने इस वाक्या को परिवहन विभाग मुख्यालय के संज्ञान में लाने के लिए ट्विटर पर शिकायत भी की। जिसके बाद मामले की जांच हुई और कंडक्टर का कॉन्ट्रैक्ट कैंसल हुवा और ड्राइवर को सस्पेंड किया गया।
क्या था पूरा मामला
शनिवार (3 जून 2023) को यह जनरथ बस बरेली से गाजियाबाद के कौशाम्बी स्टॉप तक जा रही थी। शनिवार (4 जून 2023) को सत्येंद्र नाम के एक व्यक्ति ने खुद को बस यात्री बता कर परिवहन विभाग मुख्यालय को एक शिकायती ट्वीट किया। अपनी शिकायत के समर्थन में सत्येंद्र ने टिकट के साथ एक वीडियो भी अटैच किया था। इस वीडियो में इस्लामी वेशभूषा में सड़क पर 2 लोगों को नमाज़ पढ़ते देखा जा सकता है। बस के यात्री कंडक्टर से नमाज़ के लिए यात्रा रोके जाने का विरोध करते दिखाई दे रहे हैं। हालाँकि इन सभी के जवाब में कंडक्टर उन्हें हिन्दू-मुस्लिम न करने की नसीहत देता दिखाई दे रहा है।
अपने ट्वीट में सत्येंद्र ने लिखा, “रात मैंने बरेली से दिल्ली के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग की जनरथ बस ली। जिस का प्रस्थान समय 7pm था। बस 8:25 pm में रुकी। मैंने जा कर देखा कि 2 मुस्लिम बस से उतरे और बस के सामने बैठ कर नमाज़ पढ़ने लगे। मैने बरेली डिपो के ARM,SM,RM से शिकायत की है। सत्येंद्र की इस शिकायत पर बरेली डिपो के ARM ने अगले दिन 5 जून 2023 (सोमवार) को कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बस पर कार्यरत ड्राइवर कृष्ण पाल सिंह को निलंबित कर दिया गया है और कंडक्टर मोहित यादव की संविदा समाप्त कर दी गई है। ARM के मुताबिक कंडक्टर मोहित यादव ने घटना को स्वीकार करते हुए इसे अपनी भूल माना।
वायरल हुए इसी वीडियो पर रामपुर पुलिस ने भी जाँच जारी होने की जानकारी दी है। जिस स्थान पर बस को रोका गया था वो जगह रामपुर के मिलक क्षेत्र में पड़ती है। रामपुर पुलिस के मुताबिक ड्राइवर और कंडक्टर से पुलिस बातचीत कर रही है। मामले की जाँच मिलक सर्किल के डिप्टी SP को सौंपे जाने की जानकारी देते हुए पुलिस ने कानूनी कार्रवाई किए जाने की भी बात कही है।
विश्व हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने भी इस मामले को अति बताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय को टैग करते हुए सभी आरोपितों पर कठोर एक्शन की माँग की है।