22 दिसम्बर 2023 को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड उत्तर प्रदेश पुलिस में कॉन्स्टेबल पदों के लिए 60,244 भर्तियाँ निकाली थीं। इसमें पुरुष अभ्यर्थियों के लिए आयु की उच्चतम सीमा 22 वर्ष जबकि महिला अभ्यर्थियों के लिए यह सीमा 25 वर्ष रखी गई थी।
इस भर्ती में आयु सीमा के कारण सामान्य वर्ग के युवाओं में काफी रोष था। दरअसल, सामान्य वर्ग के युवाओं को 22 वर्ष की ही आयु सीमा का पालन करना था जबकि अन्य पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जाति/जनजाति को इसमें 5 वर्षों तक की छूट थी।
सामान्य वर्ग के युवाओं का कहना था कि 22 वर्ष से ऊपर हो चुके युवाओं को एक भी मौका उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती का नहीं मिला है क्योंकि पिछली बार 2018 में पुलिस भर्ती लाई गई थी तब वह अंडरएज (वांछित आयु से कम) थे और अब उन्हें ओवरएज (वांछित आयु से अधिक) घोषित कर दिया गया है।
इस भर्ती में पहले 2 जुलाई 2001 के बाद जन्मे सामान्य वर्ग के अभ्यर्थी ही हिस्सा ले सकते थे। अब यह तिथि 2 जुलाई 1998 हो गई है। इससे अब 2018 वाली भर्ती से वंचित युवाओं को भी इसमें हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। सामान्य वर्ग के युवाओं का कहना था कि यह भर्ती 2021 में ही आनी थी, जिससे इन्हें मौका मिल जाता लेकिन कोविड और अन्य कारणों से देर हुई, जिसके कारण यह बाहर हो गए। इसी को लेकर उत्तर प्रदेश में युवाओं ने ट्विटर समेत ज्ञापन अभियान चला कर सरकार से भर्ती में आयु सीमा में छूट देने की माँग की थी।
युवाओं ने इसको लेकर सत्तापक्ष के विधायकों से भी अपनी माँग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुँचाई थी। इसी को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 26 दिसम्बर 2023 को इसमें 3 वर्षों की छूट सभी वर्ग के युवाओं को देने का निर्णय लिया है।